डॉ. पंड्या के पोलैंड दौरे से भारतीय समुदाय में जागी नई चेतना

 


हरिद्वार, 26 अप्रैल (हि.स.)।अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने अपने विदेश प्रवास के क्रम में रविवार को पोलैंड की राजधानी वारसॉ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारत की नवनियुक्त राजदूत और भारतीय विदेश सेवा की वरिष्ठ अधिकारी नीता भूषण से भेंट कर पोलैंड में बसे भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात की ।

शांतिकुंज मीडिया विभाग ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भेंट के दौरान डॉ. पंड्या ने शांतिकुंज संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी के सद विचार और गायत्री परिवार के वैश्विक विस्तार पर विस्तृत चर्चा की। बातचीत का एक प्रमुख हिस्सा वर्तमान समय की सबसे बड़ी तकनीकी चुनौती, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और उससे जुड़े वैश्विक खतरों पर केंद्रित रहा, जहाँ अध्यात्म और नैतिकता के माध्यम से इन चुनौतियों के समाधान पर विचार साझा किए गए। साथ ही, भारत और पोलैंड के बीच सांस्कृतिक संबंधों की प्रगाढ़ता को लेकर भी मंथन हुआ।

विज्ञप्ति के अनुसार भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रचार-प्रसार और मानवीय मूल्यों की पुनर्स्थापना हेतु अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मिलकर कार्य करने की सहमति बनी। डॉ. पंड्या के इस दौरे से पोलैंड में भारतीय समुदाय में एक नयी चेतना जागृत हुई है और भविष्य में सांस्कृतिक समन्वय के नए द्वार भी खुले हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला