हरिद्वार में 14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

 


हरिद्वार, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तरांचल पंजाबी महासभा, उत्तराखंड की ओर से आगामी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का भव्य आयोजन प्रेम नगर आश्रम में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य भारत विभाजन की त्रासदी को स्मरण करना, उस दौर में जान गंवाने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा नई पीढ़ी को इतिहास की वास्तविकता से परिचित कराना है।

प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उन लाखों परिवारों के दर्द, संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश के विभाजन की असहनीय पीड़ा झेली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से समाज में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम 14 अगस्त को सुबह 10.30 बजे शुरू होगा। इसकी शुरुआत गंगा पूजन और दीपदान से होगी। इसके बाद विभाजन के दौरान शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि एवं अरदास अर्पित की जाएगी। आयोजन स्थल पर विभाजन विभीषिका से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरों और ऐतिहासिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा स्मृति पटल पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

कार्यक्रम में प्रमुख गुरुद्वारों की आकर्षक झांकियां, विभाजन के प्रत्यक्षदर्शियों एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लंगर-भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। महासभा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए इतिहास की उन घटनाओं को स्मरण करना है, जिन्होंने देश और समाज को गहराई से प्रभावित किया।

महासभा के अनुसार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। यह आयोजन संत महामंडलेश्वर धर्मदेव महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। पत्रकार वार्ता में महासभा पदाधिकारियों ने हरिद्वार सहित पूरे प्रदेश के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर विभाजन की पीड़ा को स्मरण करने, पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने और राष्ट्रीय एकता के संदेश को मजबूत बनाने की अपील की।

इस अवसर पर महासभा ने आयोजन समिति एवं मार्गदर्शक मंडल की जानकारी भी साझा की। मार्गदर्शक मंडल में करण मल्होत्रा, राजकुमार अरोड़ा, जगदीश लाल पाहवा, नीरज कुमार, अनिल कुमार, सुरेश कंवर, विमलेश आहूजा, संजय सहगल, विमल कुमार, परमानंद पोपली, अनिल अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, सुरेश गुलाटी, सुनील अरोड़ा, अमर कुमार और किशोर अरोड़ा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला