कांवड़ यात्रियों के लिए परमार्थ निकेतन ने लगाया स्वास्थ्य एवं पेयजल सेवा शिविर

 


ऋषिकेश, 01 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परमार्थ निकेतन ने राजाजी नेशनल पार्क के बाघखाला क्षेत्र में चिकित्सा, स्वच्छ पेयजल और जन-जागरूकता शिविर शुरू किया है। गुरुपूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई से शुरू हुए इस सेवा अभियान में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों को लाभ मिल रहा है।

परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती के मार्गदर्शन में संचालित इस शिविर में हजारों कांवड़ यात्रियों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श, आवश्यक दवाइयां और आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अनुभवी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और स्वयंसेवकों की टीम सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी है।

शिविर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में पैदल यात्रा के कारण थकान, पैरों में सूजन, छाले, मांसपेशियों में दर्द, निर्जलीकरण और मौसम संबंधी स्वास्थ्य समस्याएं देखने को मिल रही हैं। चिकित्सा टीम उपचार के साथ यात्रियों को पर्याप्त पानी पीने, संतुलित आहार लेने और विश्राम करने के लिए भी जागरूक कर रही है।

परमार्थ निकेतन की ओर से विभिन्न जल मंदिरों के माध्यम से कांवड़ यात्रियों को स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही स्वच्छता और व्यक्तिगत स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता अभियान चलाते हुए श्रद्धालुओं को साबुन भी वितरित किए जा रहे हैं।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि कांवड़ यात्रा अनुशासन, सेवा और संस्कारों की यात्रा है। भगवान शिव की आराधना के साथ जीवन में सेवा, स्वच्छता, संवेदनशीलता और प्रकृति संरक्षण को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाता है, उसी प्रकार धरती मां का भी हरियाली के रूप में अभिषेक करें।

उन्होंने कांवड़ यात्रियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कम करने, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

बाघखाला में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में परमार्थ निकेतन,डिवाइन शक्ति फाउंडेशन,चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तराखंड और केयर नर्सिंग कॉलेज हरिद्वार की टीमें सहयोग प्रदान कर रही हैं।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय