पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी, 3,000 मीटर का होगा रनवे
-विमान पार्किंग स्थल दो से बढ़कर सात होंगे, सालाना 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही की क्षमता विकसित होगी, 375.33 करोड़ रुपये की है परियोजना
देहरादून, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (एसईआईएए) ने परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी प्रदान कर दी। इसके साथ ही एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर करने का रास्ता खुल गया है। विस्तार के बाद यहां बड़े विमानों का संचालन संभव हो सकेगा।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले प्राधिकरण ने राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति (एससीईआईए) की संस्तुति के आधार पर यह स्वीकृति दी। समिति ने सात अक्टूबर और तीन नवंबर को परियोजना का परीक्षण करने के बाद पर्यावरणीय शर्तों के साथ मंजूरी देने की सिफारिश की थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरणीय मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से पर्यटन, उद्योग और रोजगार को गति मिलेगी। साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, परियोजना के लिए किसी परिवार को विस्थापित नहीं करना पड़ेगा और पर्यावरणीय शर्तों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से प्रस्तावित इस परियोजना पर 375.33 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। ऊधम सिंह नगर जिले में स्थित एयरपोर्ट का विस्तार होने के बाद इसका कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें 109.017 हेक्टेयर मौजूदा एयरपोर्ट भूमि और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल है।
परियोजना के लिए समतल कृषि एवं खुली भूमि का उपयोग किया जाएगा।
परियोजना के तहत टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल भी 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके लिए 8,500 वर्ग मीटर नया निर्माण होगा। विमान पार्किंग के लिए एप्रन की क्षमता दो से बढ़ाकर सात स्थानों की जाएगी, जबकि टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक-एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी। विस्तार के बाद एयरपोर्ट को सालाना 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
परियोजना में बिजली की अनुमानित मांग 1.6 मेगावाट और पानी की आवश्यकता 154 किलोलीटर प्रतिदिन होगी। प्रतिदिन निकलने वाले 136 किलोलीटर गंदे पानी के शोधन के लिए 165 किलोलीटर क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। शोधित पानी का इस्तेमाल फ्लशिंग और बागवानी में किया जाएगा।
इसके अलावा 1,010 केवीए क्षमता के तीन नए डीजल जनरेटर सेट लगाए जाएंगे। 72 किलोवाट की अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता जुड़ने से एयरपोर्ट की कुल सौर क्षमता 160 से बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण के तहत मौजूदा 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र के अतिरिक्त लगभग पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दिलाने की प्रक्रिया सितंबर 2025 में शुरू हुई थी। 19 सितंबर 2025 को एसईआईएए ने संदर्भ शर्तें जारी की थीं। इसके बाद 10 मार्च 2026 को उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जनसुनवाई कराई। एएआई ने 29 जून 2026 को परिवेश पोर्टल पर प्रस्ताव के साथ अंतिम पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट प्रस्तुत की थी।
समिति ने सात अक्टूबर की बैठक में प्रस्ताव पर विचार कर अतिरिक्त जानकारी मांगी थी। तीन नवंबर को हुई अगली बैठक में संदर्भ शर्तों के अनुपालन, जनसुनवाई, संभावित पर्यावरणीय प्रभावों और पर्यावरण प्रबंधन योजना की समीक्षा के बाद मंजूरी की संस्तुति की गई।
विमानन सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की शर्तें
पर्यावरणीय मंजूरी के साथ विमानन सुरक्षा से जुड़ी शर्तें भी लगाई गई हैं। निर्माण कार्य स्वीकृत एयरपोर्ट लेआउट और सक्षम विमानन प्राधिकरणों की अनुमति के अनुरूप करना होगा। निर्माण के दौरान ऊंचाई संबंधी मानकों और अवरोध सीमा का पालन अनिवार्य होगा। चालू रनवे, टैक्सीवे और एप्रन के आसपास निर्माण के दौरान विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाने होंगे। निर्माण सामग्री या मलबे के कारण रनवे पर बाहरी वस्तुएं पहुंचने से रोकने के लिए भी आवश्यक इंतजाम करने होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय