पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन आमंत्रित, 10 जून तक जिला कार्यालय में करें आवेदन
देहरादून, 06 जून (हि.स.)। आगामी गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। अपर जिला अधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने शनिवार को बताया कि भारत सरकार ने पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन और संस्तुतियां ऑनलाइन आमंत्रित की हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं गृह मंत्रालय के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। नामांकन के साथ संबंधित व्यक्ति का पूरा विवरण, व्यक्तित्व एवं कृतित्व, उपलब्धियां, सेवाएं तथा अन्य आवश्यक जानकारियां प्रस्तुत करनी होंगी।
उन्होंने बताया कि प्राप्त प्रस्तावों को मंत्रिपरिषद विभाग की ई-मेल पर केवल माइक्रोसॉफ्ट वर्ड फॉर्मेट में भेजा जाना है। शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने की अंतिम तिथि 12 जून निर्धारित की गई है।
जनपद स्तर पर आवेदन एवं संस्तुतियां 10 जून तक जिला कार्यालय देहरादून में स्वीकार की जाएंगी। उन्होंने पात्र व्यक्तियों, संस्थाओं और नागरिकों से निर्धारित समयावधि के भीतर अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करने की अपील की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय