महिला आक्रोश मशाल यात्रा, धामी बोले- महिला सशक्तिकरण पर विपक्ष गंभीर नहीं
देहरादून, 28 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित महिला आक्रोश मशाल यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ा। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली गई इस रैली में हजारों महिलाओं ने भाग लिया और महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पूरे मार्ग पर नारी शक्ति का व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला, जिससे प्रदेश में इस विषय पर बढ़ती राजनीतिक सक्रियता का संकेत मिला।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह मशाल यात्रा महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में जनभावनाओं का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर गंभीर नहीं हैं और इसे लंबे समय तक राजनीतिक स्वार्थों के तहत टालते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज की नारी जागरूक, संगठित और अपने अधिकारों के प्रति सजग है तथा लोकतांत्रिक माध्यमों से उचित समय पर जवाब देने में सक्षम है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हाल के वर्षों में इस दिशा में ठोस पहल की गई है, जिससे महिलाओं की भागीदारी और निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य सरकार भी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
रैली में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या,विधायक सविता कपूर और आशा नौटियाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय