हाईवे-जंगल के पानी ने बढ़ाई आफत, सड़क पर उतरे ग्रामीण
हरिद्वार, 01 सितंबर (हि.स.)। सोमवार की मूसलाधार बारिश ने कांगड़ी और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। हाईवे और जंगल की ओर से आया बारिश का पानी आबादी क्षेत्र में घुसने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जलभराव से परेशान ग्रामीण और महिलाएं मंगलवार सुबह सड़क पर उतर आए और हाईवे पर पहुंचकर जोरदार हंगामा किया।
कांगड़ी की गली नंबर छह और आसपास का इलाका सोमवार की बारिश के बाद पूरी तरह जलमग्न हो गया था। हाईवे से लेकर पुराने हरिद्वार मार्ग तक पानी ही पानी दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों को आशंका थी कि यदि बारिश दोबारा तेज हुई तो पानी घरों के अंदर तक पहुंच सकता है।
मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं गली नंबर छह के पास हाईवे पर पहुंच गईं। लोगों ने आबादी क्षेत्र में बारिश का पानी आने से रोकने के लिए तत्काल स्थायी इंतजाम की मांग उठाई। सूचना मिलते ही पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, वन क्षेत्राधिकारी श्यामपुर विवेक जोशी, थानाध्यक्ष नितेश शर्मा और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना था कि केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि मौके पर तत्काल मशीन लगाकर पानी की निकासी का रास्ता बनाया जाए। ग्रामीणों के दबाव के बाद पोकलेन मशीन मौके पर बुलाई गई और हाईवे से सटे जंगल के किनारे बड़े नाले की खुदाई का काम शुरू कराया गया। मशीन से काम शुरू होते ही ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ।
गाजीवाली में भी पानी रोकने की उठी मांग
कांगड़ी के बाद स्वामी यतीश्वरानंद गाजीवाली क्षेत्र में भी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने बारिश के पानी के आबादी में आने की समस्या से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि बारिश के दौरान जंगल और हाईवे की ओर से आने वाला पानी बस्तियों के लिए खतरा बन जाता है।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्वामी यतीश्वरानंद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्यदायी संस्था के प्रमोद मलिक को तत्काल मशीन लगाकर पानी की धारा मोड़ने और जलभराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से केवल बारिश के दौरान अस्थायी व्यवस्था के बजाय जल निकासी का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में तेज बारिश के दौरान कॉलोनियों और गांवों में पानी न घुसे।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष विक्रम चौहान, रामसिंह रावत, ललित ढौंडियाल, पवन पंत, अर्जुन कश्यप, भुवन काला, लक्ष्मण कश्यप, रमोला, सोनू जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला