गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में अंगदान को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
हरिद्वार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन संकाय और रोटरी क्लब कनखल के संयुक्त तत्वावधान में अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पोस्टर, कोलाज और नारा लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अंगदान के प्रति जागरूक किया गया।
कुलपति प्रो.प्रतिभा मेहता लूथरा ने कहा कि अंगदान महादान है और इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अंगदान के महत्व को समझने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ.मयंक नौटियाल ने अंगदान की प्रक्रिया, इसके महत्व और इससे जुड़ी भ्रांतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के अंगदान से कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मक पोस्टरों, कोलाज और नारों के माध्यम से अंगदान के महत्व को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ.विशाल गर्ग,वित्त अधिकारी प्रो.वीके सिंह,आईक्यूएसी निदेशक प्रो.पंकज मदान, संकायाध्यक्ष प्रो.सुरेखा राणा सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला