ऑपरेशन कालनेमि: 17 ढोंगी बाबा गिरफ्तार
हरिद्वार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। ऑपरेशन कालनेमि के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर ठगी करने वाले 17 ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित साधु-संतों के भेष में घूमकर लोगों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को भ्रमित कर उनकी व्यक्तिगत व घरेलू समस्याओं के निदान का प्रलोभन देकर ठगी करते थे। शिकायतों के बाद पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की।
कोतवाली नगर पुलिस ने सभी 17 आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि ये लोग हरकी पैड़ी और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं को निशाना बनाते थे और पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र के नाम पर पैसे ऐंठते थे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे ढोंगी बाबाओं के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। त्योहारों और स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला