उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में नए प्रवेश संख्या में बढ़ोतरी

 


हल्द्वानी , 12 अप्रैल (हि.स.)। शीतकालीन सत्र जनवरी 2026 के दौरान उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश संख्या में एक बार फिर सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। इस वर्ष कुल प्रवेश संख्या 39,436 तक पहुंच गई, जो वर्ष 2025 के 33,501 के मुकाबले लगभग 6,000 अधिक है। नए प्रवेशों की संख्या भी बढ़कर 6,608 हो गई है, जो पिछले वर्ष 5,358 थी।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में आई गिरावट के बाद 2026 में प्रवेश का रुझान फिर से सकारात्मक दिशा में लौट आया है। वर्ष 2021 से 2024 तक लगातार वृद्धि के बाद आई कमी अब समाप्त होती दिखाई दे रही है और प्रवेश संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसका श्रेय विश्वविद्यालय परिवार, अध्ययन केंद्रों, क्षेत्रीय कार्यालयों, निदेशकों, समन्वयकों और संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों सहित मीडिया को दिया। उन्होंने कहा कि सतत प्रयास, भौतिक संपर्क अभियान और मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से किए गए प्रचार-प्रसार का यह सकारात्मक परिणाम है।

उन्होंने यह भी कहा कि समाज में दूरस्थ शिक्षा के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है और विश्वविद्यालय इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्तमान में विश्वविद्यालय में 14 विद्याशाखाओं के अंतर्गत 100 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश और देशभर के विद्यार्थियों को लचीली, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है।

उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय ने इस सत्र में दूरस्थ शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें मेलों और बड़े आयोजनों में स्टॉल लगाना तथा निशुल्क पुस्तक वितरण जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता