सड़क पर अश्लील हरकतें और फब्तियां कसने के आरोप में पांच महिलाएं हिरासत में
हरिद्वार, 16 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने और राहगीरों पर अश्लील फब्तियां कसने के आरोप में पांच महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को सिडकुल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राठौर प्लाजा होटल से उत्तर दिशा में सिडकुल की ओर जाने वाले मार्ग पर कुछ महिलाएं आने-जाने वाले लोगों को रोककर अश्लील हरकतें कर रही हैं। आरोप है कि महिलाएं सड़क से गुजरने वाले पुरुषों को रोककर ग्राहकों के मिलने संबंधी बातें कह रही थीं। इससे राहगीरों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था और आसपास के लोगों में भी नाराजगी थी।
सूचना पर पहुंची सिडकुल पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं को हिरासत में ले लिया। इनमें चार महिलाएं उत्तर प्रदेश के बिजनौर और मुजफ्फरनगर की रहने वाली हैं, जबकि एक महिला पश्चिम बंगाल की निवासी है। सभी वर्तमान में हरिद्वार के सिडकुल और रानीपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर रह रही थीं।
पुलिस ने आरोपित महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गतिविधियों और राहगीरों को परेशान करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला