उत्तराखंड 2027-28 में 500 नर्स और वार्ड बॉय को विदेश में रोजगार दिलाने का लक्ष्य

 


-निजी विश्वविद्यालयों के नर्सिंग पाठ्यक्रमों के पांच आवेदन योग्य पाए गए

देहरादून, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2027-28 में प्रदेश के 500 नर्स और वार्ड बॉय को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने संबंधित अधिकारियों को पश्चिम एशिया, पश्चिमी यूरोप, एस्टोनिया और खाड़ी देशों में स्वास्थ्यकर्मियों के लिए रोजगार की संभावनाएं तलाशने तथा आवश्यक योग्यता और प्रशिक्षण संबंधी शर्तों का अध्ययन करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शुक्रवार को निजी विश्वविद्यालयों में नर्सिंग पाठ्यक्रमों के संचालन के संबंध में गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक हुई। इसमें नर्सिंग शिक्षा के निर्धारित मानकों, स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की उपलब्धता और नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कर्मियों के कौशल विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि निजी विश्वविद्यालयों में नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए शुरुआती चरण में कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच के बाद इनमें से छह आवेदन समिति के समक्ष विचार के लिए योग्य पाए गए। समिति ने पांच आवेदनों को नर्सिंग पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए योग्य माना, जबकि एक आवेदन को अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बर्द्धन ने अधिकारियों से कहा कि विदेशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और कौशल विकास की व्यवस्था पर काम किया जाए। उन्होंने संबंधित देशों में नर्सिंग और पैरामेडिकल कर्मियों की मांग, शैक्षणिक योग्यता, भाषा दक्षता और अन्य पात्रता शर्तों का आकलन करने को कहा।

मुख्य सचिव ने प्रदेश में नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ का व्यवस्थित आंकड़ा तैयार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने बड़े चिकित्सा महाविद्यालयों में उपलब्ध कर्मियों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, विशेषज्ञता और कौशल से संबंधित जानकारी संकलित कर डाटा बैंक बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप चिकित्सा मानव संसाधन की मांग का आकलन किया जाए और प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही प्रदेश के अस्पतालों को उनकी जरूरत के अनुसार दक्ष और विशेषज्ञ चिकित्सा कर्मी उपलब्ध कराने के लिए ठोस लक्ष्य निर्धारित करने को कहा।

बैठक में निजी अस्पतालों में प्रति बिस्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप नर्सिंग स्टाफ और वार्ड बॉय की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि इस संबंध में तय मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

बैठक में सचिव विनय शंकर, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे, रोहित मीणा, नवनीत पांडेय और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय