आईआईटी रुड़की में एनपीटीईएल स्टार अवार्ड सम्मान समारोह

 


हरिद्वार, 15 जुलाई (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने पहली बार एनपीटीईएल (नेशनल प्रोग्राम ऑन टेक्नोलॉजी एनहैंस्ड लर्निंग) उत्तर क्षेत्र स्टार अवार्ड सम्मान समारोह 2026 की मेजबानी की। समारोह में उत्तर भारत के 9 राज्यों से आए 275 एनपीटीईएल स्टार शिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के उत्कृष्ट शिक्षार्थी शामिल हुए।

आईआईटी रुड़की के मीडिया सेल द्वारा बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इसका उद्देश्य शैक्षणिक उत्कृष्टता को मान्यता देना, ज्ञान साझा करना और डिजिटल व आजीवन अधिगम को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में प्रो. प्रवीण कुमार, उपनिदेशक, आईआईटी रुड़की; प्रो. रंजना पाठानिया, समन्वयक, एनपीटीईएल एवं ई-लर्निंग केंद्र; प्रो. विवेक कुमार मलिक, प्रो. नवीन कुमार नवानी और प्रो. इंदरदीप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि एनपीटीईएलगुणवत्तापूर्ण शिक्षा को हर व्यक्ति तक पहुंचा रही हैं और प्रौद्योगिकी-सक्षम शिक्षा से प्रतिभा को नया मंच मिल रहा है। प्रो. प्रवीण कुमार ने कहा कि यह आयोजन शैक्षणिक उत्कृष्टता और सतत कौशल विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

समारोह का मुख्य आकर्षण स्टार लर्नर एक्सपीरियंस सत्र रहा, जिसमें विजेताओं ने बताया कि एनपीटीईएल पाठ्यक्रमों ने उनके करियर और कौशल विकास में कैसे मदद की। इस दौरान आईआईटी रुड़की के प्रो. बी. आर. गुर्जर,प्रो.रंजना पठानिया, प्रो. रमेश अनाबंदनम, प्रो. प्रसंजीत मंडल ने तकनीकी कार्यशालाएं भी लीं। कार्यक्रम में आईआईटी कानपुर और आईआईटी दिल्ली की एनपीटीईएल टीमों ने भी भागीदारी की। समापन पर सभी 275 स्टार शिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया। संस्थान ने डिजिटल शिक्षा और समावेशी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला