एनपीएस की तकनीकी प्रक्रियाओं पर 100 आहरण-वितरण अधिकारियों को प्रशिक्षण

 


हरिद्वार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कार्यालय सभागार में गुरुवार को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के करीब 100 आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में एनपीएस से जुड़ी तकनीकी और व्यवहारिक प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यशाला में वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, कोषाधिकारी ललित मोहन पांडेय, सहायक कोषाधिकारी रजनीश गुप्ता समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य डीडीओ और संबंधित कर्मचारियों को एनपीएस से जुड़े कार्यों की सही प्रक्रिया से अवगत कराना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या (पीआरएएन) से संबंधित प्रक्रिया, पहले से पीआरएएन जनरेट होने की स्थिति में डीडीओ द्वारा की जाने वाली कार्रवाई, कर्मचारी एवं नियोक्ता अंशदान, केंद्रीय अभिलेख अभिकरण (सीआरए) अथवा एनपीएस खाते में अंशदान के क्रेडिट तथा मिसिंग क्रेडिट से जुड़े मामलों के निस्तारण की जानकारी दी गई।

इसके अलावा एनपीएस अभिलेखों के सत्यापन, अंशदान के विवरण के मिलान और लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों ने एनपीएस से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक समस्याएं और प्रश्न रखे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान बताया।

एनपीएस से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और समस्याओं के समाधान के लिए कोषागार, हरिद्वार में हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। अधिकारियों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला के अंत में एनपीएस से संबंधित विभागीय कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपादित करने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला