देहरादून निगम में 20 नामित सदस्य नियुक्त

 




देहरादून, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड शासन ने देहरादून नगर निगम में 20 नामित सदस्यों की नियुक्ति कर दी है। लंबे समय से प्रतीक्षित नामित सदस्यों की सूची मंगलवार को जारी अधिसूचना के साथ सामने आई।

राज्यपाल की ओर से उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा 6 की उपधारा (1) के खंड ‘ख’ में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इन सदस्यों को नगर निगम देहरादून में नाम निर्दिष्ट सदस्य के रूप में नामित किया गया है।

शहरी विकास अनुभाग-03 की ओर से जारी अधिसूचना पर उप सचिव प्रदीप कुमार शुक्ल के हस्ताक्षर हैं। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नगर निगम में 20 नामित सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी हो गई।

शासन की ओर से जारी सूची में विजय भट्ट, अवनीश कोठारी, मंगल सिंह राठौर, सुषमा जोशी, कैप्टन सुख बहादुर गुरूंग, कमल थापा, प्रमिला देवी, अभिषेक बोहरा, देवेन्द्र पाल सिंह मोंटी, अजय पाल, रमेश चन्द्र काला, रूकमणी पंवार, शेखर नौटियाल, विनय कुकशाल, अभिषेक परमार, जगदीश प्रसाद सेमवाल, जीवन रावत, सुरेन्द्र मित्तल, के. लक्ष्मी और खेमराज उनियाल को शामिल किया गया है।

अधिसूचना के अनुसार विजय भट्ट बंजारावाला स्थित वार्ड संख्या 84 के निवासी हैं, जबकि कमल थापा जाखन, राजपुर रोड क्षेत्र से संबंधित हैं। नामित सदस्यों में देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

सूची में सुषमा जोशी, प्रमिला देवी, रूकमणी पंवार और के. लक्ष्मी महिला सदस्यों के रूप में शामिल हैं। वहीं कैप्टन सुख बहादुर गुरूंग सहित सामाजिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को भी नगर निगम में नामित सदस्य बनाया गया है।

नगर निगम में नामित सदस्यों की नियुक्ति के बाद अब इन सदस्यों की नगर निगम की गतिविधियों में भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय