खाड़ी देशों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की मदद के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

 


देहरादून, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड शासन ने खाड़ी एवं मध्य-पूर्व एशिया के देशों में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए वहां निवासरत, कार्यरत अथवा फंसे राज्य के नागरिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने कार्यालय आदेश जारी करते हुए विशेष सचिव (गृह) निवेदिता कुकरेती को नोडल अधिकारी नामित किया है।

शनिवार को जारी आदेश के अनुसार सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ईरान, इजराइल और ओमान सहित अन्य देशों में रह रहे उत्तराखंड के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा जनपदों और संबंधित विभागों के साथ भी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। इस उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, देहरादून स्थित हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी भी जारी किए गए हैं। प्रभावित नागरिक अथवा उनके परिजन मोबाइल नंबर 9411112792 तथा ईमेल dgcpolice-ua@nic.in पर संपर्क कर सकते हैं।

सहायता प्राप्त करने के लिए संपर्क करते समय संबंधित व्यक्ति का नाम, पिता, पति का नाम, जिस देश में वह निवासरत या फंसा है उसका विवरण, वहां का पूरा पता, पासपोर्ट नंबर, मोबाइल, व्हाट्सएप नंबर, ईमेल आईडी सहित अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, यदि संबंधित व्यक्ति से संपर्क संभव न हो तो वैकल्पिक संपर्क व्यक्ति का विवरण भी देना होगा। साथ ही उत्तराखंड में स्थायी पते और स्थानीय संपर्क व्यक्ति की जानकारी भी साझा करनी होगी।

शासन ने कहा है कि यह व्यवस्था खाड़ी और मध्य-पूर्व देशों में रह रहे उत्तराखंड के नागरिकों को त्वरित सहायता, समन्वय और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू की गई है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय