नैनीताल से 4 दिन पूर्व लापता युवक की तलाश जारी

 


नैनीताल, 26 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र से चार दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता युवक दीपक उपाध्याय का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। युवक को अंतिम बार रोडवेज बस स्टेशन के समीप देखा गया था, जिसके बाद से उसका मोबाइल बंद है। प्रकरण में तल्लीताल थाना पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल तथा स्वान दल द्वारा लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार अल्मोड़ा जनपद के ग्राम दूभड़ा सैनारी निवासी 33 वर्षीय दीपक उपाध्याय भूजियाघाट क्षेत्र में कार्यरत था और 22 अप्रैल की रात्रि साथियों के साथ नैनीताल आया था, जहां से वह लापता हो गया। 23 अप्रैल को उसके भाई बाला दत्त उपाध्याय की शिकायत पर उसकी गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से उसकी लगातार तलाशी जारी है। खोज अभियान के दौरान ‘टूटा पहाड़’ से कैलाखान होते हुए भवाली तक के दुर्गम जंगल क्षेत्रों में ड्रोन और श्वान दल की सहायता से उसकी खोज की जा रही है। थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि उसका मोबाइल फोन भी बंद है।

इसलिये भी अब तक उसके किसी प्रकार के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिसके कारण दीपक की तलाश के मामले में जांच अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर भी की जा रही है। युवक के साथियों से पूछताछ के साथ ही विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का भी परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि युवक के संबंध में कोई सूचना प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि शीघ्र खोज सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी