11 माह की मासूम से दुष्कर्म का आरोप, पिता का फैक्टरी सहकर्मी गिरफ्तार
हरिद्वार, 16 नवंबर (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती में महज 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। आरोप बच्ची के पिता के साथ फैक्टरी में काम करने वाले व्यक्ति पर है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
उधर, बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे महिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची का परिवार शहर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती में रहता है। आरोप है कि रविवार रात बच्ची के पिता के साथ फैक्टरी में काम करने वाला व्यक्ति घर में घुसा और मासूम के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो आरोपी मौके से फरार हो गया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि 11 माह की बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आया था। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बच्ची को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
महज 11 माह की मासूम से जुड़ी इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला