बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के बाहर मिला नवजात का भ्रूण, जांच शुरू

 


नैनीताल, 06 नवंबर (हि.स.)। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल के बाहर शुक्रवार सुबह सड़क किनारे सफाई के दौरान एक नवजात बच्चे का भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। सफाई कर्मियों ने भ्रूण पड़ा देखा तो इसकी सूचना तत्काल चिकित्सालय प्रबंधन को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच शुरू करने के साथ ही पुलिस को भी सूचना दे दी।

बताया जा रहा है कि नवजात की उपचार के दौरान मौत हुई थी। हालांकि, भ्रूण चिकित्सालय परिसर के बाहर सड़क किनारे कैसे पहुंचा और इसके पीछे क्या कारण रहे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। चिकित्सालय प्रबंधन इस संबंध में जानकारी जुटा रहा है।

जिला चिकित्सालय की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रोपदी गर्ब्याल ने बताया कि बीते एक वर्ष के दौरान गर्भावस्था संबंधी जांच और उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंची नाबालिगों और महिलाओं के अभिलेख खंगाले जा रहे हैं। चिकित्सालय प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दूसरी ओर मल्लीताल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र रावत ने बताया कि पुलिस ने भ्रूण को पंचनामे की कार्रवाई के उपरांत पोस्टमॉर्टम के लिये डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी भेज दिया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरे लगे नहीं मिले हैं। फिर भी पुलिस अपनी ओर से भ्रूण को यहां कौन और कैसे छोड़ गया, इसकी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी