अंकिता कांड : पुलकित के पिता की एंट्री, बचाव में पेश किए चार हजार चैट
हरिद्वार, 15 नवंबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी हत्याकांड में चुप्पी के बाद मुख्य आरोपित पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने मामले में अब तक हुई जांच और पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए अपने बेटे पुलकित आर्य को निर्दोष बताया।
विनोद आर्य ने दावा किया कि अंकिता की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने आत्महत्या की थी। उन्होंने रिसोर्ट में किसी वीआईपी के आने की बात को भी नकारते हुए पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। विनोद आर्य ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण के बाद उनके रिसोर्ट पर बुलडोजर चलवा दिया गया, जिससे उन्हें करीब 50 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। उनका आरोप है कि इस संबंध में उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन आज तक उनकी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि एक तरफ मामले में उनके परिवार को लगातार आरोपों का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी तरफ उनकी शिकायतों को अनसुना किया गया। उन्होंने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता का सिम पुलिस ने बरामद कर लिया था और उसकी जांच भी की गई, लेकिन आज तक पुलकित आर्य का मोबाइल फोन और सिम बरामद नहीं हो पाया। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इन तथ्यों को भी सामने लाया जाना जरूरी है।
चार हजार चैट होने का किया दावा
विनोद आर्य ने दावा किया कि उनके पास अंकिता भंडारी की करीब चार हजार चैट मौजूद हैं। चैट अंकिता के पुरूष मित्र की थी। उन्होंने कहा कि इन चैट में कहीं भी पुलकित आर्य का नाम नहीं लिया गया है। इसके बावजूद उनके द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे तथ्यों को न तो अदालत और न ही एसआईटी स्वीकार कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मामले में इतने महत्वपूर्ण तथ्य मौजूद हैं तो उनकी निष्पक्षता से जांच क्यों नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अंकिता को कथित रूप से प्रताड़ित करने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसमें उन्होंने अंकिता के माता-पिता को भी शामिल करते हुए उनके संबंध में जांच की मांग की।
पुलकित के अधिवक्ता ने भी उठाए जांच पर सवाल
इस दौरान पुलकित आर्य के अधिवक्ता ने भी पत्रकारों के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि अंकिता भंडारी मामले में पुलकित आर्य और अन्य आरोपितों को झूठा फंसाया गया है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई और घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठाए। अधिवक्ता ने कहा कि पुलिस ने दो दिन पूर्व पुलकित के बयान दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। इसके दो दिन बाद नहर से अंकिता का शव बरामद होने की कहानी सामने आई। उन्होंने इस घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।
अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि शव को पुलिस वाहन में रखकर लाया गया था और बाद में नहर में डालकर बरामदगी की झूठी कहानी तैयार की गई। उन्होंने शव पीपीई किट में मिलने के दावे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह तथ्य भी पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े करता है। उनके अनुसार, मामले में की गई कार्रवाई निष्पक्ष जांच के बजाय दबाव में की गई और इसका प्रभाव न्यायिक प्रक्रिया पर भी पड़ा।
उनका कहना था कि मामले में कई ऐसे तथ्य और सवाल हैं, जिनका जवाब अभी तक सामने नहीं आया है। इसलिए जांच एजेंसी को बदलकर स्वतंत्र एजेंसी से पूरे प्रकरण की नए सिरे से जांच कराई जानी चाहिए।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान विनोद आर्य ने अपने परिवार के खिलाफ हुई कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्हें भी अपनी बात रखने और शिकायतों पर सुनवाई का अधिकार मिलना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला