दूरस्थ क्षेत्रों में 24 नए उप शिक्षा अधिकारियों की तैनाती

 


देहरादून, 01 अक्टूबर (हि.स.)। विद्यालयी शिक्षा विभाग को 24 नए उप शिक्षा अधिकारी मिले हैं। राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित इन अधिकारियों को प्रथम चरण में प्रदेश के दूरस्थ विकासखंडों में तैनाती दी गई है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद तैनाती आदेश जारी किए गए।

विभाग के अधिकारियों के अनुसार लोक सेवा आयोग के माध्यम से कुल 48 उप शिक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है। सभी विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षणरत हैं। प्रथम चरण में 24 अधिकारियों को पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिले के विभिन्न विकासखंडों में भेजा गया है।

पौड़ी में बिनीता रावत को द्वारीखाल, राज कुमार सिंह डसीला को बीरोंखाल, भावना चाहल को जयहारीखाल, कुणाल सिंह को पाबौं, शुभम गुप्ता को खिर्सू, मनीष मोहन नेगी को यमकेश्वर, राजेश परमार को थलीसैण, दीपक लखेड़ा को एकेश्वर और उमेश चंद्र सुयाल को कल्जीखाल की जिम्मेदारी दी गई है।

नैनीताल में प्रवीण दिगारी को ओखलकांडा और परवीन अजहर को रामगढ़, अल्मोड़ा में राविन्स को सल्ट, अमित राणा को लमगड़ा और मनोज सिंह को भिकियासैंण तैनात किया गया है। चमोली में अंशिका बिष्ट को नंदानगर और रूबी नेगी को नारायणबगड़ भेजा गया है।

टिहरी में दिव्या जोशी को देवप्रयाग, आशुतोष राणा को जाखणीधार, आयुष बंधानी को प्रतापनगर और समीक्षा उनियाल को थौलधार की जिम्मेदारी दी गई है। पिथौरागढ़ में राहुल सिंह रैंसवाल को कनालीछीना, बलवंत नाथ को मूनाकोट और योगेंद्र कुमार शर्मा को मुनस्यारी तथा उत्तरकाशी में राजन सिंह ठाकुर को पुरोला विकासखंड में तैनाती मिली है।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शेष प्रशिक्षणरत उप शिक्षा अधिकारियों को भी जल्द तैनाती दी जाएगी। उनके अनुसार नए अधिकारियों की तैनाती से दूरस्थ क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ विभागीय और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय