कुम्भ बजट से हरिद्वार में बनेंगे दो नए पुल, यातायात हाेगा सुगम
हरिद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। अगले वर्ष हाेने वाले कुंभ मेले से पहले धर्मनगरी हरिद्वार में दो नए पुल बनाने की सरकार की ओर से स्वीकृति मिल गई है। कुंभ मेला प्रशासन ने खड़खड़ी शमशान घाट के समीप और कनखल में श्रीयंत्र मंदिर के सामने नए पुल बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार काे दिया था, जिसे राज्य सरकार ने स्वीकृति दे दी है। इन दो नए पुल बनने से पुलिस को यातायात के सुगम संचालन और जाम की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी।
उक्त जानकारी कुंभ मेलाधिकारी सोनिका ने देते हुए बताया कि दोनों पुलों की अनुमानित लागत करीब 25 करोड़ रुपये है। जल्द ही पुलों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
दरअसल, बरसात के मौसम में खड़खड़ी शमशान घाट के पास सूखी नदी में पानी आने से हर साल काफी नुकसान होता है। नदी के रपटे पर पुल बनने से कुंभ मेले में यातायात संचालन के साथ बरसात के मौसम में होने वाले नुकसान को रोकने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा कनखल क्षेत्र में श्रीयंत्र मंदिर के सामने बने पुल के बगल में एक नया पुल बनाया जाएगा। इससे यातायात संचालन के साथ बड़े स्नान पर्वो के दौरान जाम की समस्या से भी निपटने में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला