सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ सफल होगा नेत्र कुंभ-2027: डॉ. संदीप
हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। नेत्र कुंभ-2027 के आयोजन की तैयारियों को गति देते हुए आज स्वामी राम प्रकाश चैरिटेबल अस्पताल, शंकर आश्रम चौक के निकट, ज्वालापुर में नेत्र कुंभ के केंद्रीय कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ आयोजित किया गया। इसमें अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने जनसेवा, समर्पण एवं सामाजिक सहभागिता के संकल्प के साथ आयोजन की सफलता की कामना की।
यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एकम फार्मास्यूटिकल लिमिटेड के संस्थापक डॉ. संदीप जैन, प्रबंध प्रमुख एडवोकेट ललित पंत और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश खेतान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. संदीप जैन ने कहा कि सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ नेत्र कुंभ महायज्ञ को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक हरिद्वार में नेत्र कुंभ का आयोजन होगा। केंद्रीय कार्यालय शुरू होने से आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को देहरादून में नेत्र कुंभ के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण के लिए वृहद शंखनाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रबंध प्रमुख एडवोकेट ललित पंत ने कहा कि समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) दिव्यांगता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। नेत्र कुंभ जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से लोगों को निशुल्क नेत्र जांच और चश्मे उपलब्ध कराए जाते हैं। कार्यालय शुरू होने से चिकित्सा सेवाओं, कार्यकर्ता समन्वय और आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिद्वार विभाग प्रचारक राकेश ने कहा कि नेत्र कुंभ के आयोजन में संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग और सक्रिय सहभागिता की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2021 की तरह इस बार भी हरिद्वार में नेत्र कुंभ का भव्य आयोजन होगा और बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को नेत्र चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इस दौरान स्वामिनी वेदात्मानंदा सरस्वती, सह प्रबंध प्रमुख देवेंद्र, सचिव अनंत मेहरा, डॉ. राजीव कुरले, डॉ. हरेंद्र, डॉ. रविंद्र, डॉ. संजय शाह, डॉ. रितु खेतान, मोनू त्यागी और कमल पंत उपस्थित रहे। सक्षम हरिद्वार के जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा, जिला सचिव मानसी मिश्रा, सह सचिव कुलदीप, सीमा चौहान, विमलेश गौड़, अनीता वर्मा, संजय वर्मा और विनोद शर्मा सहित जिले के अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
मेरठ से सक्षम के प्रांत सचिव चरणजीत एवं सह सचिव आशुतोष तथा दिल्ली प्रांत से सह सचिव बलिराम और युवा प्रमुख डॉ. अरुण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन नेत्र कुंभ-2027 को चिकित्सा सेवा, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण का व्यापक अभियान बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला