नेपाल आपदा में शांतिकुंज बना मदद का सहारा, प्रभावित परिवारों तक पहुंच रही राहत

 


हरिद्वार, 03 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए गायत्री तीर्थ शांतिकुंज ने राहत कार्य तेज कर दिया है। अखिल विश्व गायत्री परिवार की आपदा राहत टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंदों को राहत सामग्री और भोजन उपलब्ध करा रही है।

शांतिकुंज परिवार पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के ‘पीड़ित मानवता की सेवा ही सच्ची साधना’ संदेश को आधार मानकर सेवा में जुटा है।

अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख शैलजीजी और देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या राहत दल के लगातार संपर्क में हैं। डॉ. पंड्या के अनुसार संकट में पीड़ितों के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता है, उद्देश्य सिर्फ सामग्री पहुंचाना नहीं बल्कि आत्मीय संबल देना भी है।

शांतिकुंज मीडिया विभाग के अनुसार 100 से अधिक स्वयंसेवक दिन-रात सेवा में लगे हैं।

टीम का मुख्य बेस कैंप काठमांडू में है, दूसरा कैंप विदुर पीपलटार में बनाया गया है। यहां से प्रतिदिन करीब 1000 प्रभावित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय प्रशासन और सेना के सहयोग से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है और आगे की योजना तैयार की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला