नेपाल बाढ़ : मुख्यमंत्री ने जताया दुख, उत्तराखंड के नागरिकों के लिए हेल्पलाइन जारी
देहरादून, 26 अगस्त (हि. स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि और संपत्ति के नुकसान पर बुधवार को दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि और व्यापक नुकसान अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है। इस कठिन समय में उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और प्रभावित लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था और सामाजिक सरोकारों से जुड़े हैं।उन्होंने कहा कि नेपाल में आई आपदा का दुख उत्तराखंड के लोगों के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है।
उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पारिवारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं।
धामी ने कहा, ‘कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध रहा है। पिथौरागढ़ और चंपावत सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध हैं।’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है और संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ खड़ी है।’’उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की व कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।
धामी ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां भारत और नेपाल दोनों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे और प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिलेगी।
नेपाल में बाढ़ के मद्देनजर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के नंबर 0135-2710334, 2710335, 2664314, 2664315, 2664316 और 8218867005 हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय