नीलकंठ कांवड़ यात्रा में सुरक्षा कड़ी, बीडीएस टीम तैनात
पौड़ी गढ़वाल, 01 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चौकसी और बढ़ा दी है। यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) लगातार एंटी-सबोटाज चेकिंग कर रहा है। संवेदनशील स्थलों, पार्किंग, पैदल मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
पुलिस के अनुसार प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु नीलकंठ धाम पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस बल के साथ बीडीएस टीमों को भी तैनात किया गया है। आधुनिक उपकरणों की मदद से संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच की जा रही है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं कोई लावारिस बैग, पैकेट, वाहन या संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई दे तो उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तुरंत निकटतम पुलिसकर्मी, पुलिस हेल्प डेस्क, ड्यूटी प्वाइंट या कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह