नीलकंठ कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट, स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष जोर
पौड़ी गढ़वाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों के अनुपालन में नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में यात्रा मार्ग पर स्वच्छता, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा, शौचालय, विद्युत और यातायात व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी संजय खण्डूरी ने बताया कि नीलकंठ क्षेत्र में 5 जुलाई से 50 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। कूड़ा निस्तारण के लिए चार कूड़ा पिकअप वाहन लगाए गए हैं, जो प्रतिदिन अपशिष्ट को निस्तारण केंद्र तक पहुंचा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला पंचायत की ओर से 60 वाहनों की क्षमता वाली निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल पर महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। इसके अलावा पीपलकोटी से पार्किंग मार्ग के बीच बायो-टॉयलेट भी स्थापित किए गए हैं।
महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर पिंक टॉयलेट और धात्री माताओं एवं शिशुओं के लिए अमृत कक्ष (फीडिंग रूम) की व्यवस्था की गई है। मंदिर मार्ग पर चार शौचालय स्थापित किए गए हैं, जिनकी साफ-सफाई के लिए रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सूखे और गीले कचरे के पृथक संग्रहण के लिए 22 कूड़ेदान लगाए गए हैं, जिन्हें प्रतिदिन तीन बार खाली कराया जा रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए मंदिर मार्ग पर फिसलन से बचाव के लिए नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखें, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि नीलकंठ कांवड़ यात्रा सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह