एनसीसी मेनू कैंप-2026 का में आरोही व अंकित रहे सर्वश्रेष्ठ कैडेट
नैनीताल, 26 अगस्त (हि.स.)। एनसीसी की 5 यूके नेवल यूनिट नैनीताल के 10 दिवसीय मेनू कैंप-2026 का बुधवार को नैनी झील में 252 किमी की सेलिंग यानी नौकायन के साथ समापन हो गया। नैना देवी मंदिर के निकट एनसीसी के बोट पूल के पास समापन अवसर पर विशेष कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर शिविर में उललेखनीय प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पुरस्कृत किया गया।
इससे पूर्व सैनिक स्कूल घोड़ाखाल की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर ने मुख्य अतिथि के रूप में नौकाओं को फ्लैग-इन कर दस दिवसीय सेलिंग अभियान के समापन की घोषणा की। शिविर के अंतिम दिन कैडेटों ने 17.5 किलोमीटर की सेलिंग की। इसके साथ ही दस दिनों में नैनी झील में कुल 252 किलोमीटर सेलिंग पूरी की गई। कैम्प में 35 एसडी और 25 एसडब्ल्यू समेत कुल 60 कैडेटों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान सेलिंग एवं सीमैनशिप के साथ रिगिंग, तैराकी, लाइफ सेविंग, फर्स्ट एड एवं सीपीआर, .22 राइफल फायरिंग, ऑब्स्टेकल प्रशिक्षण, माउंटेनियरिंग और साहसिक गतिविधियां कराई गईं। समापन समारोह में ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर ने कैडेटों को एकता, आत्म-अनुशासन और जिम्मेदारी का महत्व समझाया।
उन्होंने कहा कि अनुशासन केवल अधिकारियों की मौजूदगी में नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि अकेले में भी सही कार्य करना है। उन्होंने कैडेटों से एनसीसी के मूल्यों को अपने व्यक्तिगत जीवन और नागरिक दायित्वों में अपनाने का आह्वान किया। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सभी पुरस्कार डीएसबी परिसर नैनीताल की आरोही चौधरी को सर्वश्रेष्ठ एसडब्ल्यू कैडेट तथा अंकित खाती को सर्वश्रेष्ठ एसडी कैडेट चुना गया। एसडब्ल्यू वर्ग में मानवी को रिगिंग, मनीषा को बोट पुलिंग, हर्षिता को फायरिंग, कशिश को मोस्ट स्पिरिटेड, रेखा को ड्रिल, जाह्नवी को कल्चरल तथा गीता को सीमैनशिप का पुरस्कार दिया गया।
एसडी वर्ग में बीएसएसवी के गौरव मेहरा को रिगिंग, ललित जनोटी को बोट पुलिंग, कुषाग्र को फायरिंग, पॉलीटेक्निक के चेतन जोशी को मोस्ट स्पिरिटेड, डीएसबी के सिद्धार्थ राणा को ड्रिल व रोहित नेगी को कल्चरल तथा बीएसएसवी के मयंक को सीमैनशिप के पुरस्कार प्रदान किये गये। इस दौरान कैडेटों ने नैनी झील स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक के विरुद्ध जागरूकता, नुक्कड़ नाटक, पौधरोपण, ट्रेकिंग और हेरिटेज विजिट जैसी गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों को सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों से जोड़ा गया। समापन अवसर पर नेवल यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह, कमांडर राकेश रावत, प्रो. (लेफ्टिनेंट) रीतेश साह, अरविंद कुमार सहित पीआई स्टाफ, प्रशिक्षक एवं कैडेट मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी