दुर्गा अष्टमी पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
हरिद्वार, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र की दुर्गा अष्टमी पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। रविवार को मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। घरों में भी विशेष पूजा-अर्चना के साथ कन्या पूजन किया गया। सूर्योदय के बाद अष्टमी तिथि लगने के कारण श्रद्धालु सोमवार को भी अष्टमी और नवमी तिथि कन्या पूजन के साथ मनाएंगे।
दुर्गा अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान के बाद मां दुर्गा की पूजा की और उन्हें फल, फूल, चुनरी, नारियल तथा मिठाई अर्पित की। नवरात्र के व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण पूजे और भोजन कराकर दक्षिणा व उपहार भेंट किए।
धर्मनगरी के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। हरिद्वार की अधिष्ठात्री मां माया देवी मंदिर सिद्धपीठ चण्डी देवी, मंशा देवी, राजा दक्ष की कुलदेवी मां शीतला माता मंदिर, सुरेश्वरी देवी मंदिर, काली मंदिर समेत तमाम देवी मंदिरों में खासी भीड़ रही। मंदिरों में सोमवार को नवरात्र का परायण किया जाएगा।
धार्मिक मान्यता है कि दुर्गा अष्टमी पर मां महागौरी की आराधना करने से भक्तों को सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला