उत्तराखंड में महानवमी पर 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित
देहरादून, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार ने शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर सोमवार, 19 अक्टूबर को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने महानवमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख,समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में मातृशक्ति का पूजनीय स्थान है। नवरात्र का पर्व नारी शक्ति, श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। यह पर्व मातृशक्ति के सम्मान, सामर्थ्य और समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं देश की समृद्ध विरासत की पहचान हैं। त्योहार सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने के साथ समाज में आस्था, सद्भाव और एकता की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन और इसके मूल्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।________________
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय