नेचर गाइड उत्तराखंड के ब्रांड एम्बेसडर और प्रकृति संरक्षण के प्रहरी : धामी

 


देहरादून, 18 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास सभागार से तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के फांटो जोन में आयोजित नेचर गाइड प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने 180 महिला एवं पुरुष नेचर गाइडों को रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने नेचर गाइडों को रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नेचर गाइड केवल पर्यटकों के मार्गदर्शक नहीं, बल्कि उत्तराखंड के जंगलों, वन्यजीवों और संस्कृति के ब्रांड एम्बेसडर और प्रकृति संरक्षण के प्रहरी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के कौशल, मेहनत और प्रकृति संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह पहल स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

धामी ने कहा कि प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले अनेक युवा रिवर्स पलायन कर अपने गांव लौटे हैं, जो उत्तराखंड के गांवों में बढ़ते रोजगार और नई संभावनाओं का संकेत हैं। उन्होंने कहा कि फांटो जोन आज ईको-टूरिज्म और समुदाय आधारित पर्यटन का उत्कृष्ट मॉडल बन चुका है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और टाइगर साइटिंग देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रही है, जबकि विकसित ट्री हाउस पर्यटकों को प्रकृति के बीच अनूठा अनुभव प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यटन को केवल भ्रमण तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे रोजगार, स्वरोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रिवर्स पलायन से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। होमस्टे, शीतकालीन पर्यटन, एडवेंचर टूरिज्म, ईको-टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, डेस्टिनेशन वेडिंग और आध्यात्मिक पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि नेचर गाइडों का दायित्व केवल पर्यटकों को जंगलों का भ्रमण कराना नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और उत्तराखंड की संस्कृति एवं 'अतिथि देवो भवः' की भावना को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने सभी नेचर गाइडों और प्रदेशवासियों से प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय