एसएमजेएन पीजी कॉलेज में तीरंदाजी का राष्ट्रीय स्पर्धा में 27 राज्यों के साथ सौ से अधिक धनुर्धर पहुंचे

 


हरिद्वार, 16 जून (हि.स.)। एसएमजेएन पीजी कॉलेज हरिद्वार में आरजेके फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित चौथी छह दिवसीय राष्ट्रीय तीरंदाजी चौंपियनशिप का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों से 700 से अधिक धनुर्धर भाग ले रहे हैं। चौंपियनशिप का समापन 21 जून को होगा।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन हरिद्वार की मेयर किरण जैसल व प्राचार्य डॉ सुनील बत्रा ने किया।

मेयर किरण जैसल ने कहा कि खेल राष्ट्रीय भावना को जागृत करते हैं। हरिद्वार में इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन से युवाओं में तीरंदाजी के प्रति रुचि और बढ़ेगी।

रेलवे पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती ने कहा कि पिछले एक दशक में युवाओं का खेलों के प्रति रुझान तेजी से बढ़ा है और उत्तराखंड ने भी खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने कहा कि खेल युवाओं में ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खेलो इंडिया अभियान से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है और युवाओं का झुकाव खेलों की ओर बढ़ा है।

चैंपियनशिप के संयोजक कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में विभाजित किया गया है।

आरजेके फाउंडेशन के निदेशक कुलदीप चौहान एवं रमेश प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन उत्तराखंड तीरंदाजी फाउंडेशन और जिला हरिद्वार तीरंदाजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

कार्यक्रम में डॉ. संजय माहेश्वरी, डॉ. शिव कुमार चौहान, विनय थपलियाल, डॉ. जे.सी. आर्य, मोहन चंद्र पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-13 आयु वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला