निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में पहले दिन 100 से अधिक पहुंचे मरीज

 


नई टिहरी, 9 अगस्त (हि.स.)। जिले के जाखणीधार ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगांव में सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह के तहत रविवार से तीन दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर शुरू हो गया। शिविर के पहले दिन 100 से अधिक मरीजों का पंजीकरण किया गया।

जाखणीधार ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल ने शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिल रहा है।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चंदन मिश्रा ने बताया कि शिविर में 22 मरीजों के एक्सरे किए गए, जबकि 35 लोगों की लैब संबंधी जांच की गई। इसके अलावा 50 लोगों की एनसीडी जांच की गई और 10 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में दिव्यांगजनों के प्रमाणपत्र भी बनाए गए।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से मरीजों को स्वास्थ्य परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से शिविर का लाभ मिल रहा है।

आयोजकों के अनुसार तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का समापन 11 अगस्त को किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने का प्रयास किया जा रहा है।

इस मौके पर नंदगांव की ग्राम प्रधान शिवानी खरोला, अमर खरोला, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद आर्य, फार्मेसी अधिकारी दिनेश कुमार, विनोद सेमवाल और राजेश उनियाल मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी