नल जल मित्रों को मनरेगा से मजदूरी दिलाने का केंद्रीय मंत्री से अनुरोध
नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के सिंचाई, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर नल जल मित्रों को मनरेगा के माध्यम से अनुमन्य मजदूरी और कार्य दिवस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में हुई मुलाकात के दौरान महाराज ने जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पेयजल परिसंपत्तियों के संचालन, अनुरक्षण और दीर्घकालीन स्थायित्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
महाराज ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि नल जल मित्र कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण के लिए स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन तैयार किया जा रहा है। हालांकि, प्रशिक्षण में ग्रामीण युवाओं और स्थानीय लोगों की अपेक्षित भागीदारी सुनिश्चित करने में व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकांश संभावित प्रतिभागी दैनिक मजदूरी, कृषि और अन्य आजीविका गतिविधियों पर निर्भर हैं। प्रशिक्षण में शामिल होने के दौरान उनकी आय प्रभावित होती है, जिसके कारण वे प्रशिक्षण में भाग लेने से बचते हैं।
महाराज ने सुझाव दिया कि नल जल मित्र कार्यक्रम के पात्र प्रतिभागियों को प्रशिक्षण अवधि में होने वाली आजीविका की क्षति को देखते हुए मनरेगा के साथ नियमसम्मत अभिसरण के माध्यम से अनुमन्य मजदूरी और कार्य दिवस उपलब्ध कराने पर केंद्र सरकार विचार करे। इससे अधिक संख्या में स्थानीय लोगों को प्रशिक्षित किया जा सकेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होने से जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पेयजल परिसंपत्तियों का बेहतर संचालन, अनुरक्षण और दीर्घकालीन स्थायित्व सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराज के सुझाव पर सहमति जताते हुए इस संबंध में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय