सड़कों की गुणवत्ता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 


नैनीताल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए मरम्मत अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिशासी अभियंताओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में मरम्मत कार्य पूरा कराने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 13 अक्टूबर को समीक्षा बैठक में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों को निर्धारित समय-सीमा में गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में सभी संबंधित विभागों को मरम्मत कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया है।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर अब तक गड्ढे नहीं भरे गए हैं, वहां तत्काल मरम्मत शुरू की जाए। जिन सड़कों पर पहले मरम्मत की जा चुकी है, लेकिन कार्य गुणवत्ता के मानकों पर खरा नहीं उतरता, उन्हें दोबारा ठीक कराया जाए। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण करने, क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित करने और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। मरम्मत कार्यों में तकनीकी मानकों का पालन करते हुए अनावश्यक देरी से बचना होगा। गुणवत्ता में कमी या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

इस बीच, नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग 109-ई की बदहाल स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। नैनीताल को हल्द्वानी और अन्य क्षेत्रों से जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नैनीताल के पुराने कूड़ा खड्ड से रूसी बाइपास तक सड़क की स्थिति विशेष रूप से खराब बताई जा रही है। कई बार मरम्मत के बावजूद सड़क के पहाड़ी हिस्से पर वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। इस कारण वाहन चालकों को सड़क के एक ओर से गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।

इसी तरह ज्योलीकोट में एक नंबर बैंड से पुरानी पुलिस चौकी तक सड़क की हालत खराब है। दोगांव से रानीबाग तक करीब 10 से 12 किलोमीटर के हिस्से में कई मोड़ों सहित अन्य स्थानों पर बड़े गड्ढे बने हुए हैं। कुछ स्थानों पर गड्ढों को मिट्टी से भरने के कारण वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ रही है। इससे विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी