नैनीताल पुलिस ने 27 लाख की स्मैक सहित दो तस्कर गिरफ्तार

 


नैनीताल, 23 मार्च (हि.स.)। नैनीताल पुलिस ने जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में चल रहे नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के अंतर्गत काठगोदाम क्षेत्र से दो तस्करों को 91.10 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार करने की बड़ी सफलता प्राप्त की है। स्मैक की अनुमानित कीमत लगभग 27 लाख रुपये बताई गई है।

नैनीताल पुलिस के अनुसार हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में काठगोदाम के थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वन विभाग के जू डम्पिंग जोन बागजाला के पास चेकिंग के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों में शामिल आनंद सिंह रावत के कब्जे से 68.35 ग्राम तथा रोहित थापा के कब्जे से 22.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस संबंध में थाना काठगोदाम में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आनंद सिंह रावत के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अभियोग दर्ज हैं।

0पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे स्मैक को उधम सिंह नगर के शक्तिफार्म क्षेत्र से लाकर हल्द्वानी में बेचते थे। पुलिस अब संबंधित अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप कुमार, आरक्षी सुरेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी त्रिलोक रौतेला तथा आरक्षी भानु प्रताप शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 2000 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी