पर्यटन नगरी नैनीताल में बिना दस्तावेज चल रहे होमस्टे पर कार्रवाई

 


हल्द्वानी, 05 मार्च (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल जिले में नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे होमस्टे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पर्यटन विकास विभाग की जांच के बाद जिले के 31 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि जिले में कई होमस्टे बिना पूर्ण दस्तावेजों के संचालित हो रहे थे और उनमें विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। जांच में खामियां सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस रद्द कर दिए।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि यह कार्रवाई नैनीताल, रामनगर, रामगढ़, मुक्तेश्वर और भीमताल क्षेत्रों में की गई है। इन स्थानों पर कई होमस्टे के दस्तावेज अधूरे पाए गए, जबकि कुछ स्थानों पर नियमों की अनदेखी करते हुए होमस्टे का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि बिना पंजीकरण के होमस्टे संचालित पाए गए तो संबंधित प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी संचालकों को नियमानुसार पंजीकरण कराने और आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता