कैंची धाम जा रहे दिल्ली के श्रद्धालुओं की कार खाई में गिरे, पेड़ से टकराकर बची जान नैनीताल।

 


नैनीताल, 23 अगस्त (हि.स.)। रविवार को एक नयी कार से बाबा नीब करौरी के कैंची धाम आ रहे श्रद्धालुओं की कार मंदिर से कुछ दूर पहले सड़क की रेलिंग तोड़कर लगभग 150 मीटर गहरी खाई की ओर गिर गयी, लेकिन संयोग से लगभग 50 फिट नीचे ही एक पेड़ से टकराकर रुक गयी। कार में दो दोस्त सवार थे।

दुर्घटना के बाद कार को तो सड़क तक नहीं लाया जा सका, लेकिन कार सवार स्वयं चलकर सड़क तक आ गये, और उनकी जान बच गयी। सुरक्षित बचने और खाई की गहराई देखने के बाद युवकों ने बाबा नीब करौरी के प्रति अपनी अगाध आस्था व्यक्त की और कहा कि उनकी कृपा से ही वह बच गये।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसके बाद युवकों ने अन्य वाहन से कैंची धाम जाकर बाबा नीब करौरी के दर्शन भी किये और वापस लौटकर थाना भवाली में घटना की सूचना दी और क्रेन की मदद से कार को खाई से बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिये हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जहां से कार गिरी, उसके गिरने की दिशा थोड़ी भी इधर-उधर होती तो घटना जानलेवा हो सकती थी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी