चार दिन बाद खुली सफाई कर्मियों की हड़ताल, काम पर लौटे कर्मचारी

 


रुड़की, 10 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की पिछले चार दिनों से चल रही हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गई। मेयर, नगर आयुक्त और पार्षदों के साथ लंबी वार्ता के बाद सहमति बनने पर सभी कर्मचारी काम पर लौट आए। हड़ताल खत्म होने से शहर की चरमराई सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि सफाई कर्मचारी थर्ड पार्टी व्यवस्था खत्म करने और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल पर थे। हड़ताल के चलते शहर भर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे और सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। कर्मचारियों की इस हड़ताल को कांग्रेस ने भी समर्थन दिया था।

शनिवार सुबह एक बार फिर मेयर अनीता अग्रवाल, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल और पार्षदों के साथ सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई।

लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई।

मेयर अनीता अग्रवाल और प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम परिवार का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारी बाहरी तत्वों के बहकावे में आ गए थे, लेकिन वार्ता में उन्हें समझा दिया गया है। कंपनी अपना काम करती रहेगी, हालांकि निगम कर्मचारियों के साथ उत्पीड़न या अभद्रता होने पर नगर निगम कार्रवाई करेगा।

नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि कर्मचारियों की जो मांगें शासन स्तर की हैं, उन्हें शासन को भेज दिया गया है। सहमति के बाद सभी कर्मचारी काम पर लौट आए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला