हत्या के फरार आरोपितों पर कसा शिकंजा, घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा

 


हरिद्वार, 17 जून (हि.स.)। होटल धरोहर में युवक कलीम की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों के खिलाफ भगवानपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आज दोनों आरोपितों के घरों पर पहुंचकर धारा 84 बीएनएसएस के तहत ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा की कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 17 मई को होटल धरोहर में कलीम नामक युवक के साथ होटल संचालकों द्वारा कथित मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई थी। इस मामले में दर्ज मुकदमे में भगवानपुर पुलिस पहले ही पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है।

प्रकरण में नामजद आरोपित अर्पित पुत्र प्रवीण चौहान और ऋषिकेश सिंह पुत्र रमेश सिंह, दोनों निवासी खुब्बनपुर, कोतवाली भगवानपुर, गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इसी क्रम में रुड़की न्यायालय से प्राप्त आदेश के अनुपालन में दोनों आरोपितों के आवास पर पुलिस टीम पहुंची और धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को सूचित किया कि आरोपित निर्धारित समयावधि में न्यायालय के समक्ष उपस्थित हों, अन्यथा उनके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में शामिल होकर फरार होने वाले आरोपितों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के दायरे में लाकर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला