हरिद्वार में हत्या के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली
हरिद्वार, 09 जुलाई (हि.स.)। नगर कोतवाली क्षेत्र में 28 जून को गंगा तट की झाड़ियों में मिले अज्ञात महिला के शव के सनसनीखेज हत्याकांड का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच बुधवार की देर रात हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, रोड़ीबेलवाला चौकी क्षेत्र के आस्था पथ के समीप करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव झाड़ियों में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटने और मुंह दबाकर दम घुटने से होने की पुष्टि हुई। शरीर पर संघर्ष और चोटों के कई निशान मिलने के बाद नगर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दूधिया बंध तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीशान, निवासी नहटौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने अपने साथी शाहनवाज के साथ मिलकर महिला की गला दबाकर हत्या करने और शव को गंगा किनारे झाड़ियों में फेंकने की बात स्वीकार की है। घायल आरोपी का उपचार जिला मेला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने फरार आरोपी शाहनवाज की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला