बाप ही निकला बेटी का कातिल! दोस्त संग मिलकर 13 साल की बेटी की हत्या, शव गंगनहर में फेंका

 


हरिद्वार, 23 अगस्त (हि.स.)। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने 13 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले में उसके पिता और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने किशोरी की हत्या करने के बाद शव को गंगनहर में फेंक दिया था। पुलिस टीम गंगनहर में शव की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपित पिता के कब्जे से 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलौर निवासी महिला ने 21 अगस्त को कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर धनेश्वर उर्फ तोता और आशीष उर्फ धोल्ला के खिलाफ अपनी 13 वर्षीय बेटी को घर से ले जाने और वापस नहीं लाने का आरोप लगाया था। पूछताछ करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की बात भी तहरीर में कही गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामला उस समय पेचीदा हो गया, जब किशोरी की मां ने उसके पिता पर ही बेटी की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में मृतका का पिता धनेश्वर उर्फ तोता पुत्र मांगेराम और उसका साथी आशीष उर्फ धोल्ला पुत्र सुनील, निवासी ग्राम ब्रह्मपुर जट्ट, कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार शामिल हैं।

शक के चलते हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि धनेश्वर को शक था कि उसकी बेटी किसी से बातचीत करती है। आरोप है कि समझाने के बावजूद जब बेटी ने उसकी बात नहीं मानी तो 27 जुलाई को धनेश्वर उर्फ तोता पुत्र मांगेराम अपनी बेटी को साथी आशीष के साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर माता मंदिर के पास पुल पर ले गया। पुलिस के मुताबिक, वहां कमीज से गला घोंटकर किशोरी की हत्या कर दी गई और बाद में शव को गंगनहर में फेंक दिया गया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और आरोपी धनेश्वर के कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। गंगनहर में किशोरी के शव की तलाश के लिए पुलिस द्वारा प्रयास जारी हैं। दूसरे आरोपित का नाम पता आशीष उर्फ धोल्ला पुत्र सुनील, निवासी ग्राम ब्रह्मपुर जट्ट, थाना कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार बताया गया है। पुलिस के मुताबिक धनेश्वर के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला