सेवा पखवाड़ा:आयुष चिकित्सा शिविर में 124 मरीजों ने लिया उपचार का लाभ
हरिद्वार, 4 जुलाई (हि.स.)। सेवा पखवाड़ा के शुभारंभ पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग की ओर से ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में बहुउद्देशीय आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 124 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आयुष पद्धति से उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया।
शिविर में जोड़ों के दर्द, वात रोग,पाचन संबंधी विकार, त्वचा रोग, मधुमेह तथा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के लिए विशेषज्ञों ने परामर्श दिया और निःशुल्क औषधियों का वितरण किया। डॉ. सोरमी सोनकर और डॉ. संजय कुमार ने मरीजों का परीक्षण कर चिकित्सा परामर्श प्रदान किया।
इस दौरान उत्तराखंड के आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने आयुष विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया। आयुष मिशन विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने उन्हें जनपद हरिद्वार में संचालित आयुष विभाग की स्वास्थ्य सेवाओं, जनजागरूकता अभियानों तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा कार्यक्रमों की जानकारी दी।
अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अतुल सिंह नेगी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित ऐसे शिविरों का उद्देश्य आमजन तक सुलभ, प्रभावी और निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग जनस्वास्थ्य संवर्धन और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला