सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु के लिए बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर

 


हरिद्वार, 23 अप्रैल (हि.स.)। सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ शिशु, उज्ज्वल भविष्य के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग हरिद्वार द्वारा राजकीय महाविद्यालय, दल्लावाला, खानपुर में एक बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने की।

इस शिविर में स्थानीय नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ मिला। कुल 417 लोगों का पंजीकरण किया गया, जिनमें विभिन्न प्रकार की जांच और सेवाएं प्रदान की गईं।

शिविर में एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, ग्राम प्रधान दल्लावाला तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. कुंदन कुमार की उपस्थिति रही। विशेषज्ञ सेवाओं के तहत हिमालयन इंस्टिट्यूट की मेडिकल टीम ने जनरल फिजिशियन, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र एवं हड्डी रोग से संबंधित परामर्श और उपचार प्रदान किया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. फिरोज खान, डॉ. कोमल, डॉ. गुलशेर अली, डॉ. हेमंत खड़कवाल सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस प्रकार के शिविरों में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराएं और जागरूक नागरिक बनें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला