बहुद्देशीय शिविर में देशराज ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

 


हरिद्वार, 11 जून (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार की समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) तथा पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने गुरुवार को जनपद हरिद्वार के ग्राम मतलबपुर स्थित प्राइमरी स्कूल में आयोजित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने उनका ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार स्वागत के साथ अभिनंदन किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कर्णवाल ने शिविर में भाग लेते हुए ग्रामीणों एवं लाभार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सहायक समाज कल्याण अधिकारी रुड़की को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिविर से एक घंटा पूर्व मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं का पंजीकरण करें तथा उनके प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे शिविर इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने बताया कि यह शिविर कार्यक्रम मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में अनुमोदित किया गया था। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। वहीं थाना झबरेड़ा द्वारा सुरक्षा व्यवस्था तथा नगर निगम रुड़की द्वारा स्थल संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, लाभार्थियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला