चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना हुई एमटीबी साइकिल रेस
नई टिहरी, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय एमटीबी साइकिल रेस बुधवार को टिहरी झील के कोटी कॉलोनी से उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना हुई।
उत्तराखंड हिमालयन अल्टीमेट चैलेंज के तहत उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता को भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और एसडीएम अजयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन और साहसिक खेलों को प्रोत्साहित कर युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर विकसित कर रही है। उत्तराखंड का प्राकृतिक सौंदर्य और पर्वतीय भूगोल साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं रखते हैं। ऐसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से टिहरी को एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में नई पहचान मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन को टिहरी के लिए महत्वपूर्ण बताया। जिला पर्यटन अधिकारी एसएस राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में सेना के जवानों सहित करीब 75 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागियों ने टिहरी झील और कोटी कॉलोनी के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए यहां बिताए समय को यादगार और रोमांचकारी अनुभव बताया।
उन्होंने बताया कि साइकिल रेस के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे हाइड्रेशन पॉइंट स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर मनोज बिजल्वाण, नवीन नेगी, उम्मेद राणा, दर्मियान सिंह, दर्शन पंवार, गीता चौहान सहित आईटीबीपी और पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी