मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सावित्री ठाकुर ने मनसा देवी मंदिर में की पूजा अर्चना
हरिद्वार, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सावित्री ठाकुर ने हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना कर देश और समाज के कल्याण की कामना की।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि मां मनसा देवी सभी का कल्याण करती हैं। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्री सावित्री ठाकुर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की कल्याणकारी योजनाओं का कुशलतापूर्वक संचालन करते हुए समाज के कमजोर वर्ग को लाभान्वित कर रही हैं। रविंद्रपुरी महाराज ने सावित्री ठाकुर को अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले में हरिद्वार आने का निमंत्रण भी दिया।
सावित्री ठाकुर ने कहा कि हरिद्वार धर्म और अध्यात्म की नगरी है। मां मनसा देवी के दर्शन और पूजन कर उन्हें बेहद सुखद अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि मां मनसा देवी और मां गंगा के आशीर्वाद से आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा जीत दर्ज करेगी और 2029 के लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज कर प्रधानमंत्री मोदी पुनः भारत का नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने कहा कि अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में हरिद्वार कुंभ मेला भी सनातन की दिव्य छठा प्रस्तुत करेगा। इस दौरान निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रामरतन गिरी, महंत दर्शन भारती, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति, महंत राज गिरी, मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, सीमा शर्मा, प्रबंधक महेश दुबे उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला