जनप्रतिनिधियों में दृढ़ संकल्प की कमी से आंदोलन की धार हो रही कुन्द

 


नई टिहरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। टिहरी मेडिकल कालेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में प्रस्तावित मेडिकल कालेज की मांग को लेकर बौराड़ी में आंदोलन के साथ महापंचायत की गई। लोगों ने एक स्वर में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग रखी।

शुक्रवार को मेडिकल कालेज की स्थिति और आंदोलन की आगामी रणनीति को लेकर बौराड़ी आंदोलन स्थल पर महापंचायत आयोजित की गई। इसमें विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कालेज के मामले में जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों में दृढ़ संकल्प की कमी और सांसद का उपेक्षित रवैया और वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों का व्यवहार भी मेडिकल कालेज आंदोलन को प्रभावित कर रहा है।

आंदोलन को कमजोर करने वाले नेताओं के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने का निर्णय लिया गया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि मेडिकल कालेज के मुद्दे को किसी भी स्तर पर विवादित नहीं बनाया जाएगा। महापंचायत में मेडिकल कालेज का निर्माण प्रस्तावित इणियां में किए जाने और नई टिहरी मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल को शीघ्र बेस अस्पताल के रूप में उच्चीकृत करने की मांग दोहराई। आंदोलन की आगामी रणनीति को लेकर भी सुझाव लिए गए और आवश्यक निर्णय किए गए।

इस मौके पर संयोजक डा. आरबी गोदियाल, पालिकाध्यक्ष चंबा शोभनी धनोला, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, टीएस पुंडीर, महिपाल सिंह नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, राकेश राणा, पूर्व पालिकाध्यक्ष नई टिहरी सीमा कृषाली, व्यापार मंडल अध्यक्ष नई टिहरी भगवान सिंह रावत, नरोत्तम जखमोला, कमल सिंह महर, सीपी डबराल, देवेंद्र नौडियाल, डा. यूएस नेगी, विजय रावत, सुरेंद्र मखलोगा, अनुसूया नौटियाल सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी