शस्त्र लाइसेंसों पर सख्ती,जांच और सुरक्षा के निर्देश

 


पौड़ी, 23 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में शनिवार को फर्जी एवं अवैध शस्त्र लाइसेंसों की रोकथाम और शस्त्र नियंत्रण व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में शस्त्र लाइसेंसों की निगरानी, अवैध हथियारों और गोला-बारूद की बिक्री पर नियंत्रण तथा शस्त्रागारों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को पौड़ी और कोटद्वार शस्त्रागारों में फायर सेफ्टी, सीसीटीवी, स्टॉक रजिस्टर और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज का रिकॉर्ड कम से कम एक वर्ष तक सुरक्षित रखा जाए।

बैठक में अवैध रूप से शस्त्र बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने, थाना एवं तहसीलवार शस्त्र लाइसेंसों के यूआईएन सत्यापन तथा एक से अधिक लाइसेंस रखने वालों की विशेष जांच के निर्देश दिए गए। डीएम ने पुलिस, प्रशासन और वन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शस्त्रों एवं विस्फोटक सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, सीओ तपेश कुमार चंद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह