एसआईआर-2026 में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी के लिए नौ अधिकारी नियुक्त

 


देहरादून, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए नौ आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार, हरिद्वार जिले में डॉ. संदीप तिवारी, ललित नारायण मिश्र, नंद कुमार और गोपाल राम बिनवाल को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, नैनीताल जिले में संजय कुमार और विनीत तोमर तथा ऊधमसिंह नगर जिले में प्रकाश चंद्र दुम्का, जय किशन और दिवेश शाशनी को पर्यवेक्षण अधिकारी बनाया गया है।

नामित अधिकारी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से जुड़े दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इसमें नोटिस वितरण, तामीली और सुनवाई की प्रक्रिया शामिल है। अधिकारी निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करते हुए दावे एवं आपत्तियों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की मॉनिटरिंग करेंगे।

पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपने दैनिक निरीक्षण की आख्या संबंधित मंडलायुक्त के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को सप्ताह में दो बार प्रस्तुत करनी होगी। इसके लिए मतदाता सूची नियमावली-2023 के अध्याय-11 में निर्धारित पुनरीक्षण प्रक्रिया और रिपोर्टिंग प्रारूप का अनुपालन किया जाएगा।

आदेश के अनुसार, निर्धारित पुनरीक्षण अवधि तक नामित अधिकारी निर्वाचन आयोग के नियंत्रण, पर्यवेक्षण और अनुशासन के अधीन रहेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय